वर्दी की गरिमा से खिलवाड़: रील बनाना आरक्षक को पड़ा भारी, बिलासपुर SSP रजनेश सिंह ने किया लाइन अटैच


काला हीरा न्यूज़:निर्भीक आवाज़, सटीक खबर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया है। अनुशासनहीनता और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के मामले में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाने में पदस्थ आरक्षक देवानंद कैवर्त्य ने पुलिस की वर्दी पहनकर अपनी पत्नी के साथ एक फिल्मी गाने (‘हाय रानी, हेलो रानी’) पर डांस करते हुए रील बनाई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठने लगे थे।
SSP रजनेश सिंह की सख्त कार्रवाई
मामला एसएसपी रजनेश सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे पुलिस की गरिमा के खिलाफ माना। एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस विभाग एक अनुशासित बल है और वर्दी पहनकर इस तरह के अशोभनीय कृत्य स्वीकार्य नहीं हैं। आदेश जारी करते हुए आरक्षक देवानंद कैवर्त्य को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र (लाइन अटैच) भेज दिया गया है।
विभागीय जांच के आदेश
लाइन अटैच करने के साथ ही एसएसपी ने मामले की विभागीय जांच के निर्देश भी दिए हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर समय-समय पर जारी गाइडलाइंस के उल्लंघन को लेकर यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
काला हीरा न्यूज़ की अपील: सरकारी सेवा, विशेषकर वर्दीधारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय पद की गरिमा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
ब्यूरो रिपोर्ट: काला हीरा न्यूज़, बिलासपुर

Kala Hira
Author: Kala Hira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *