कोयलानगरी में मौसम का यू-टर्न: दोपहर बाद झमाझम बारिश से ठंडी हुई फिजा, गर्मी से मिली राहत

कोरबा (दीपका) | कालाहीरा न्यूज
छत्तीसगढ़ की कोयलानगरी कोरबा और आसपास के इलाकों में आज दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। भीषण गर्मी और तेज उमस से परेशान लोगों को उस वक्त बड़ी राहत मिली, जब दोपहर करीब 2:15 बजे आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। इस अचानक हुई बारिश से न केवल तापमान में गिरावट दर्ज की गई, बल्कि मौसम भी बेहद सुहाना हो गया है।

दो दिनों से बदल रहा मिजाज

दीपका सहित प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 48 घंटों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार शाम को भी तेज गर्जना के साथ हुई वर्षा ने गर्मी के तेवरों को नरम कर दिया था। आज दोपहर हुई बारिश के बाद लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं और सुहाने मौसम का आनंद लेते नजर आए। तेज धूप के बाद आई इस तरावट से आम जनजीवन को बड़ी राहत पहुंची है।

अप्रैल की शुरुआत आंधी-पानी के साथ

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस साल अप्रैल महीने की शुरुआत आंधी, बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश के साथ हो रही है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवाती घेरे और नमी के कारण वर्तमान में ऐसा मौसम बना हुआ है।

सावधान: दूसरे सप्ताह से शुरू होगा ‘नौतपा’ जैसा अहसास

हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में भीषण गर्मी अपना असली रंग दिखाएगी। सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही तापमान में तेजी से उछाल आएगा और लू (Heat Wave) चलने की भी प्रबल संभावना है। प्रशासन ने लोगों को आने वाले दिनों में लू से बचने के लिए अभी से सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रिपोर्ट: कालाहीरा न्यूज़ डेस्क

दीपका में बारिश का वीडियो
Kala Hira
Author: Kala Hira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *