दीपका (कालाहीरा न्यूज): पाली रोड, दीपका में स्थित शराब दुकान के स्थानांतरण की मांग अब एक पेचीदा मामला बनती जा रही है। गुरुवार को नए स्थल का चयन करने पहुंचे कटघोरा एसडीएम, आबकारी विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अमले को वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद और स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि अधिकारियों और वार्डवासियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
वार्ड 1 में दुकान खोलने का पुरजोर विरोध
शराब दुकान के लिए नई जगह तलाशने निकले एसडीएम और प्रशासनिक अमला जब वार्ड क्रमांक 1 पहुंचा, तो वहां के पार्षद कमलेश जायसवाल और बड़ी संख्या में वार्डवासी इकट्ठा हो गए। उन्होंने किसी भी सूरत में अपने वार्ड में शराब दुकान खोले जाने का कड़ा विरोध किया। जनता के आक्रोश को देखते हुए एसडीएम और आबकारी अधिकारी को बैकफुट पर आना पड़ा और उन्होंने आश्वासन दिया कि दुकान के लिए किसी अन्य जगह का चयन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की।
जमीन की कमी, स्थानांतरण बना “टेढ़ी खीर”
वार्ड 1 के निवासियों के भारी विरोध के बाद यह तो स्पष्ट हो गया है कि वहां शराब दुकान स्थानांतरित नहीं होगी। लेकिन अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर दुकान के लिए उपयुक्त जगह कहां है? जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र में राजस्व विभाग की एक इंच जमीन भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में शराब दुकान का स्थानांतरण प्रशासन के लिए “टेढ़ी खीर” साबित हो रहा है।
पहले भी हो चुके हैं विफल प्रयास
यह पहली बार नहीं है जब शराब दुकान को हटाने के लिए आंदोलन हुआ हो और जगह की तलाश की गई हो। सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी अलग-अलग कलेक्टरों के कार्यकाल में लोगों की मांग पर 3 से 5 बार दुकान स्थानांतरित करने के प्रयास किए जा चुके हैं। यहां तक कि निविदाएं भी आमंत्रित की गई थीं। कांग्रेस शासनकाल में भी इसे वार्ड नंबर 1 में ले जाने का प्रयास किया गया था, लेकिन तब भी पार्षद और जनता के भारी विरोध के कारण मामला जस का तस रह गया था।
जनभावनाओं का रखा जाएगा सम्मान: नपा अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने इस मुद्दे पर स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा नई जगह का चयन किया जाएगा, उसके बाद ही दुकान का स्थानांतरण होगा। उन्होंने कहा, “वार्डवासी जहां भी विरोध करेंगे, वहां उनकी भावनाओं की कद्र की जाएगी। किसी भी सूरत में विरोध वाले स्थान पर शराब दुकान नहीं खोली जाएगी।”
वर्तमान स्थल ही सबसे उपयुक्त?
पिछले 20 वर्षों से पाली रोड, दीपका में संचालित शराब दुकान के बारे में कई लोगों का मानना है कि यदि इसे वर्तमान स्थान पर ही व्यवस्थित कर दिया जाए, तो स्थानांतरण की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। उनका तर्क है कि मुख्य मार्ग पर होने के कारण लोग यहां से शराब खरीदकर सीधे अपने गंतव्य की ओर चले जाते हैं। यदि इसे किसी वार्ड, गली या कोने में स्थापित किया जाता है, तो मुख्य मार्ग से वहां तक आने-जाने वाले लोगों के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
अब देखना यह है कि प्रशासन जमीन की कमी और जनता के विरोध के बीच शराब दुकान के स्थानांतरण के लिए क्या बीच का रास्ता निकालता है, या फिर पुरानी जगह को ही व्यवस्थित करने पर विचार किया जाता है।




