कोयला जगत में शोक की लहर: SECL के नवनियुक्त निदेशक अरुण कुमार त्यागी का सड़क हादसे में दुखद निधन

(कालाहीरा न्यूज)
कोरबा/गेवरा। कोयला जगत से एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आ रही है। SECL गेवरा क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक और हाल ही में निदेशक तकनीकी (DT) के पद पर पदोन्नत हुए अरुण कुमार त्यागी का गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। इस खबर के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे थे सिंगरौली
मिली जानकारी के अनुसार, श्री त्यागी अपनी नई पदस्थापना (Joining) के लिए गेवरा से सिंगरौली के लिए रवाना हुए थे। गुरुवार रात करीब 12 बजे वे अपनी इनोवा कार से निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
कोरबा-चोटिया मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
हादसा कोरबा-चोटिया मार्ग पर चोटिया के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि श्री त्यागी की कार और एक पार्सल वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तमाम कोशिशों के बाद शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक कुशल प्रशासक को खोया
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में SECL अधिकारी, कर्मचारी और उनके शुभचिंतक अस्पताल पहुँचे। गेवरा महाप्रबंधक संजय मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सहयोगियों ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और सौम्य व्यक्तित्व का धनी बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
‘काला हीरा’ परिवार दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है।

Kala Hira
Author: Kala Hira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *