सनसनीखेज फैसला: ऊर्जा नगर में पति की हत्या के लिए पत्नी ने दी थी 50 हजार की सुपारी, अपनी ही बेटी की गवाही ने पहुंचाया सलाखों के पीछे; पत्नी और शूटर को आजीवन कारावास!

कालाहीरा न्यूज़
सनसनीखेज फैसला: ऊर्जा नगर में पति की हत्या के लिए पत्नी ने दी थी 50 हजार की सुपारी, अपनी ही बेटी की गवाही ने पहुंचाया सलाखों के पीछे; पत्नी और शूटर को आजीवन कारावास!
कोरबा/कटघोरा। ऊर्जा नगर दीपका कॉलोनी में हुए चर्चित हत्याकांड में कटघोरा के प्रथम अपर सत्र न्यायालय ने एक ऐतिहासिक और कड़ा फैसला सुनाया है। पति की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले सुपारी किलर को अदालत ने आजीवन सश्रम कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई है। न्यायाधीश मधु तिवारी ने 5 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाते हुए दोनों दोषियों पर अर्थदंड भी लगाया है। इस पूरे मामले में मृतक की मासूम बेटी की चश्मदीद गवाही सबसे अहम कड़ी साबित हुई, जिसने अपनी ही मां के जुर्म का पर्दाफाश किया।

50 हजार रुपये और सोने के हार का दिया था लालच

अभियोजन के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जा नगर निवासी धनेश्वरी रात्रे (23) अपने पति जगजीवन रात्रे से परेशान थी। इसी के चलते उसने कृष्णानगर निवासी तुषार सोनी उर्फ गोपी (21) से संपर्क किया और उसे पैसों का लालच देकर अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस हत्या के लिए उसने तुषार को पहले 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद छह हजार रुपये नकद और एक सोने का हार भी दिया गया। सबूत मिटाने के लिए धनेश्वरी ने तुषार से अपना मोबाइल तोड़कर फेंकने को भी कहा था।

टंगिया से वार कर की थी निर्मम हत्या

24 मई 2023 की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच तुषार, धनेश्वरी के ऊर्जा नगर स्थित घर पहुंचा। वहां उसने सो रहे जगजीवन रात्रे पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

बेटी की आंखों के सामने हुआ था कत्ल

वारदात के वक्त घर में मौजूद मृतक और धनेश्वरी की बेटी गुंजन रात्रे ने इस खौफनाक मंजर को अपनी आंखों से देखा था। गुंजन ने अदालत को बताया कि तुषार उसके पिता पर टंगिया से वार कर रहा था और वे तड़प रहे थे, जबकि उसकी मां धनेश्वरी वहीं खड़ी होकर यह सब देख रही थी। बेटी ने यह भी बताया कि हत्या के बाद उसकी मां ने तुषार से कहा था कि “जगजीवन मर गया है, देख लो”। जिरह (प्रतिपरीक्षण) के दौरान भी बेटी अपने बयान पर अडिग रही, जो दोषियों को सजा दिलाने में निर्णायक साबित हुई।

पुलिस की मुस्तैदी और कोर्ट का कड़ा फैसला

घटना के बाद दीपका पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना अधिकारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया, वहीं पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. दीपक प्रकाश ने अपनी रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि की। गवाहों के बयान और सबूतों के आधार पर अदालत ने धनेश्वरी रात्रे और तुषार सोनी को भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120बी, 302, 201 और 449 के तहत दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

Kala Hira
Author: Kala Hira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *