(कालाहीरा न्यूज)
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर स्थित एक किराए के मकान में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के अंदर पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृतकों की पहचान अशोक देवांगन (52) और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन (49) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अशोक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि धनेश्वरी का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा था। महिला के गले पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से कई वार के निशान मिले हैं।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच पड़ोसियों को घर से कोई हलचल नहीं होने पर संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
दूसरे कमरे में मिले दो मासूम बच्चे
घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं। पुलिस उनकी काउंसिलिंग कराने के साथ-साथ संवेदनशील तरीके से पूछताछ करेगी, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिल सके।
सब्जी बेचकर चलाता था परिवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद, व्यवसाय में नुकसान और मानसिक तनाव सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।
पूरे क्षेत्र में शोक
इस दर्दनाक घटना ने पूरे हेमूनगर और आसपास के क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि इस हादसे में दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।




