जिन लोगों ने धोखा दिया, उन पर होगी कार्रवाई,मस्कट में बंधक दीपिका जोगी मुक्त

( कालाहीरा न्यूज )

रायपुर। दुर्ग जिले की दीपिका जोगी के मस्कट में बंधक होने का मामला छत्तीसगढ़ सरकार के समक्ष प्रस्तुत होने के बाद प्रदेश के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्वत: पहल करते हुए पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मस्कट में बंधक बनाई गई खुर्सीपार निवासी जोगी दीपिका के मामले में ओमान स्थित इंडियन एम्बैसी से उप मुख्यमंत्री शर्मा ने लगातार संपर्क किया। इसके बाद त्वरित की गई कार्रवाई के पश्चात दीपिका को सुरक्षित एम्बैसी लाया गया। ओमान में इंडियन एम्बैसडर से उपमुख्यमंत्री लगातार संपर्क में रहे। विधानसभा से भी वे लगातार इस मामले पर अपडेट लेते रहे।

गौरतलब है कि दुर्ग जिले के रहने वाले मुकेश जोगी ने पुलिस को आवेदन दिया कि उनकी पत्नी खुर्सीपार निवासी दीपिका को घरेलू काम दिलाने के बहाने हैदराबाद निवासी अब्दुल्ला नामक व्यक्ति ने ओमान देश की राजधानी मस्कट में हाफिजा के घर गत वर्ष मई 2023 में भेजा था जहां जोगी दीपिका को बंधक बनाकर रखा गया था तथा दीपिका का पासपोर्ट, वीजा संबंधित सारे दस्तावेज़ भी रख लिए गए थे तथा उसे भारत वापस भेजने रकम की भी मांग की जा रही थी।

इस मामले में दीपका परिजनों और शुभचिंतकों ने अब राहत की सांस ली है। उम्मीद की जा रही है कि छत्तीसगढ़ सरकार की मदद से दीपिका जल्द ही भारत लौट जाएगी। हालांकि उसे बंधक बनाये जाने के मामले में मस्कट के प्रशासन ने क्या कार्यवाही की इस की जानकारी नहीं मिल सकी है।

Kala Hira
Author: Kala Hira

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *