(कालाहीरा न्यूज़)
दीपका।एस.ई.सी.एल. गेवरा प्रोजेक्ट के बुधवारी बाजार स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में इस वर्ष श्री कृष्ण जन्मोत्सव 2026 का दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा जन्मोत्सव और “भजन संध्या” को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। इस भक्तिमय आयोजन में आज और कल क्षेत्र के श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध भजन मंडलियों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
आज भोपाल के मास्टर अवदेश एवं अंजनी बिखेरेंगे भजनों का जादू
कार्यक्रम की शुरुआत आज यानी 03 सितंबर 2026 (गुरुवार) को शाम 07 बजे से होगी, जो देर रात 01 बजे तक चलेगी। आज की भजन संध्या में भोपाल (मध्य प्रदेश) की सुप्रसिद्ध भजन मंडली के मुख्य गायक मास्टर अवदेश एवं अंजनी द्वारा सुमधुर श्री कृष्ण भजनों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
कल इंदौर के आशीष नामदेव और वाणी सिस्टर्स की होगी विशेष प्रस्तुति
जन्मोत्सव के दूसरे दिन 04 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को शाम 07 बजे से रात 02 बजे तक ‘जन्माष्टमी विशेष कार्यक्रम’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें इंदौर की मशहूर भजन मंडली के आशीष नामदेव (जूनियर लखबीर सिंह लख्खा) और वाणी सिस्टर्स (सुरीली नव्यता) के द्वारा श्री कृष्ण भजन, मनमोहक नृत्य नाटिका झांकी और डांडिया की प्रस्तुति दी जाएगी।
रात 12 बजे होगा महाअभिषेक और मटका फोड़
04 सितंबर (शुक्रवार) की रात ठीक 12 बजे बाल गोपाल जी का भव्य महाअभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में पारंपरिक मटका फोड़ प्रतियोगिता का भी विशेष आयोजन होगा, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा।
मंदिर के संरक्षक रेशम लाल यादव जी और श्री राधाकृष्ण मंदिर सेवा समिति (बुधवारी बाजार, गेवरा प्रोजेक्ट, दीपका) ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन और भव्य भक्तिमय कार्यक्रम में सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ कमाएं।




