(कालाहीरा न्यूज़)
छत्तीसगढ़ में भाजपा को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। कोरबा के बाद अब अकलतरा और वाड्रफनगर में भी पार्टी को अपने ही पार्षदों की क्रॉस वोटिंग से हार का सामना करना पड़ा।
अकलतरा नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के पास बहुमत के बावजूद 4 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस प्रत्याशी दिवाकर सिंह विजयी हुए। कुल 21 वोटों में कांग्रेस को 13 और भाजपा को केवल 8 वोट मिले।
वाड्रफनगर नगर पंचायत चुनाव में भी बगावत दिखी। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रामकुमार कुशवाहा को 7 वोट मिले, जबकि बागी प्रत्याशी पंकज गुप्ता ने 9 वोटों से जीत दर्ज की।
इससे पहले कोरबा नगर निगम सभापति चुनाव में भी भाजपा को अपमानजनक हार का सामना करना पड़ा था, जहां पार्टी के 45 पार्षद होने के बावजूद बागी नूतन सिंह राजपूत ने जीत हासिल की थी।
लगातार हो रही हार से भाजपा संगठन में हड़कंप मच गया है। जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्षदों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी और बगावत भाजपा के लिए गंभीर चुनौती बनती दिख रही है।
